कूरियर कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज
विकासनगर
सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कंपनी ने देहरादून की एक कूरियर कंपनी के माध्यम से सवा आठ लाख रुपये का सामान भेजा था, लेकिन कूरियर कंपनी ने रास्ते में सामान बदलकर सफेद पाउडर से भरे ड्रम उपभोक्ता को भेज दिए। इस मामले में कंपनी हेड की तहरीर पर पुलिस ने कूरियर कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच ने शुरू की है। प्रमोद कुमार पांडेय पुत्र मिथलेश कुमार पांडेय हेड ग्लाईकोस कंपनी सेलाकुई हाल निवासी नोएडा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कूरियर कंपनी सेफएक्सप्रेस प्राइवेट लिमिटेड सहारनपुर रोड देहरादून ने उनके द्वारा भेजा गया सामान बदला है। बताया कि ढाई किलो एचडीपीई ड्रम थियोकोलचिकोसाइड मैसर्स लाइका लैब अकलेश्वर बारूच गुजरात को भेजा गया। जिसकी कीमत करीब आठ लाख 26 हजार रुपये है। बताया कि उक्त कूरियर कंपनी ने 15 नवंबर 2021 लाइका लैब गुजरात को डिलीवरी की। लेकिन जब गुजरात मे सामान को खोला गया तो ड्रम में उल्लिखित सामग्री नहीं मिली और सफेद पाउडर से भरे ड्रम मिले। कंपनी से मिले सबूत व साक्ष्यों के बाद कूरियर कंपनी से बात करने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला। थानाध्यक्ष सेलाकुई मनमोहन सिंह नेगी ने बताया कि कंपनी हेड की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी कूरियर कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न आपराधिक धाराओं में मुकमदमा दर्ज कर दिया है। कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
