बिजली की समस्या दूर की जाए
रुडकी
रुडकी। उत्तराखंड किसान मोर्चा ने बिजली कटौती के खिलाफ ऊर्जा निगम के अधीक्षण अभियंता से मिलकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा है कि अगर समस्याओं का जल्द ही समाधान नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।
अधीक्षण अभियंता राहुल जैन को सौंपे ज्ञापन में चौधरी सुरेंद्र लंबरदार ने बताया कि देहात क्षेत्र में बिजली संकट लगातार बढ़ रहा है। खेतों में किसानों को सिंचाई करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि खेतों में सिंचाई नहीं होने के कारण फसलों को काफी नुकसान हो रहा है। आकिल हसन ने कहा कि निगम के अधिकारी बिजली बिल लेने के लिए तो गांव पहुंच रहे हैं लेकिन समस्या सुनने की बजाय फोन बंद कर लेते हैं। आरोप लगाया कि गांव देहात में लाइनमैन लोगों का शोषण कर रहे हैं तथा किसानों को ट्रांसफार्मर तक नहीं मिल पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिजली से जुड़ी समस्याओं को लेकर उत्तराखंड किसान मोर्चा के कार्यकर्ता 20 जून को अधिशासी अभियंता शहरी के कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करेंगे। ज्ञापन देने वालों में मोहम्मद आजम, धर्मेंद्र चौधरी, मुकर्रम अली, पप्पू भाटिया, मोहम्मद शाहिद, दीपक पुंडीर, मोहम्मद साहिब आदि शामिल रहे।
