गौरा देवी के बेटे को प्रशासन ने सौंपा पांच लाख का चेक 

चमोली

चिपको नेत्री गौरा देवी को वर्ष 2016 में प्रस्तावित प्रशस्ति पत्र एवं पांच लाख रुपये की धनराशि बुधवार को उनके बेटे चन्द्र सिंह राणा को प्राप्त हुई है। इस पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने खुशी जताई है। बुधवार को उपजिलाधिकारी कुमकुम जोशी ने सरकार द्वारा जारी यह धनराशि एवं सम्मानपत्र उनके पुत्र चन्द्र सिंह राणा को ससम्मान दिया। प्रदेश सरकार द्वारा जारी इस सम्मान का भाजपा के जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक महेन्द्र भट्ट, पूर्व पालिकाध्यक्ष ऋषि सती, कॉपरेटिव संघ के डारेक्टर गजेन्द्र रावत ने स्वागत किया है। कहा कि भजपा सरकार द्वारा गौरा देवी के परिजनों तक यह सम्मान पहुंचाए जाने की पूरे प्रदेश में सराहना हो रही है। कहा कि गौरा देवी के पर्यावरण संरक्षण के प्रति किए गए कार्यों से कभी भी यह प्रदेश ऋणमुक्त नहीं हो सकता है। इस अवसर पर प्रधान संघ के जिला महामंत्री पुष्कर राणा समेत कई लोग मौजूद रहे।
2016 में की थी घोषणा :  वर्ष 2016 में प्रदेश सरकार द्वारा चिपको नेत्री को मरणोपरान्त पांच लाख रुपये की धनराशि दिए जाने की घोषणा की गई थी। लेकिन लंबा अरसा बीतने के बाद भी उनके परिजनों को यह राशि व सम्मानपत्र नहीं मिल सका था। जिस कारण पूरे जोशीमठ विकासखंड में सरकार के प्रति नाराजगी थी। आन्दोलन की 48वीं वर्षगांठ पर रैणी घाटी के लोगों एवं गौरा देवी के परिजनों ने यह बात प्रशासन के समाने रखी थी। जिसके बाद शासन स्तर तक यह बात पहुंची। अब यह धनराशि व सम्मानपत्र उनके पुत्र को जारी किया गया है। जिसे लेकर पूरे विकासखंड जोशीमठ एवं जनपद चमोली में हर्ष की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *