आईआईटी के 55वें दीक्षांत समारोह में डिग्री व मेडल पाकर छात्र-छात्राएं खिल उठे

51 श्रेणियों में छात्र-छात्राओं को दिए गए गोल्ड मेडल

कानपुर

आईआईटी कानपुर के 55वें दीक्षांत समारोह में एक ओर जहां डिग्री व मेडल पाकर छात्र-छात्राएं खिल उठे वहीं पूरे समारोह में कानपुर के दो मेधावियों का दबदबा रहा। शहर के छात्र प्रतीक यादव को डायरेक्टर गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया तो अतिन विक्रम सिंह को रतन स्वरुप मेमोरियल प्राइज मिला। वहीं, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के छात्र शाश्वत गुप्ता को प्रेसिडेंट गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। प्रियदर्शी सिंह को चार वर्षीय वर्ग में डायरेक्टर गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। कोप्पर्थी वेंकट स्रता को बेस्ट आलराउंडर गल्र्स स्टूडेंट के अवार्ड से सम्मानित किया गया।
बुधवार 55वें दीक्षांत समारोह का शुभारंभ शोभा यात्रा के साथ हुआ। मुख्य अतिथि नारायन हृदयालय के चेयरमैन पदम भूषण डॉ. देवी प्रसाद शेट्टी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में उपस्थित रहे। संस्थान के बीओजी चेयरमैन डॉ. राधाकृष्णन व निदेशक प्रो. अभय करंदीकर ने सभी मेधावियों को पदक व पुरस्कार से सम्मानित किया। 51 श्रेणियों में छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल दिए गए। वहीं 21 उत्कृष्ट पीएचडी थीसिस के लिए छात्रों को सम्मानित किया गया। संस्थान के दो प्रोफेसर को भी सम्मानित किया गया। जिसमें मैथमेटिक्स एंड स्टैटिक्स विभाग की प्रो. दूतिका वत्स को सुशीला एंड कांतीलाल मेहता अवार्ड और एयरोस्पेस इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. संजय मित्तल को गोपाल दास भंडारी मेमोरियल प्रतिष्ठित टीचर अवार्ड से सम्मानित किया गया।
कई जीवन रक्षक चिकित्सा नवाचारों का किया नेतृत्व
मुख्य अतिथि के रूप में ऑनलाइन उपस्थित दर्ज करवाते हुए डॉ देवी प्रसाद शेट्टी ने स्टूडेंट्स को सम्बोधित करते हुए कहा, सबसे पहले,आज के दिन डिग्री और पुरस्कार प्राप्त करने वालों को बहुत बहुत बधाई। मुझे इस शुभ अवसर का हिस्सा बनकर खुशी हो रही है, जहां हम सकारात्मक बदलाव लाने के संकल्प के साथ दुनिया में बदलाव करने वालों का एक और जत्था देख रहे हैं। अभिनव अनुसंधान और अत्याधुनिक तकनीक की बात करें तो आईआईटी कानपुर हमेशा से अग्रणी रहा है। इतने वर्षों से कई जीवन रक्षक चिकित्सा नवाचारों और पहलों का नेतृत्व किया है। मुझे उम्मीद है कि आज डिग्री प्राप्त करने वाले छात्र उन्हीं आदर्शों को प्रतिबिंबित करेंगे जो आईआईटी कानपुर में पैदा हुए और इस दुनिया को एक बेहतर जगह बनाने की कोशिश करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *