तीर्थनगरी के शिक्षाविदों का सम्मान
ऋषिकेश
शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर शहरी विकास मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने तीर्थनगरी के शिक्षाविदों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि गुरु अपने शिष्य का ध्यान सन्तान की तरह रखते हैं। गुरु सिर्फ ज्ञान ही नहीं देता, बल्कि अंधकार से प्रकाश की ओर जाने वाला मार्ग भी दिखाता है। रविवार को बैराज रोड स्थित कैम्प कार्यालय में शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने शिक्षाविदों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज का ही नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण का अति महत्वपूर्ण स्तंभ है। शिक्षक ज्ञानार्जन का साधन, अनगिनत प्रेरणाओं का जनक है। वह अपने जीवन को तेल के दीपक की तरह जलाकर एक युवा पीढ़ी को होनहार बनाता है। इस दौरान सत्येश्वरी देवी मेमोरियल इंटर कॉलेज प्रतीतनगर रायवाला के प्रधानाचार्य राम प्रसाद मैठाणी, नाभा हाउस राजकीय प्राथमिक विद्यालय की प्रिंसिपल सुशीला बर्थवाल, आईडीपीएल इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य गोपाल दत्त जोशी, पूर्व शिक्षाविद बंशीधर पोखरियाल, राजकीय इंटर कॉलेज खदरी के पूर्व प्रभारी प्रधानाचार्य आरएस पुंडीर को सम्मानित किया गया।
