राज्य महिला आयोग अध्यक्ष ने की दुष्कर्म पीड़ित मां और बच्ची से बातचीत

रुड़की

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने शुक्रवार को रुड़की अस्पताल पहुंचकर दुष्कर्म पीड़ित मां और उसकी छह साल की बच्ची से बातचीत की। महिला और बच्ची के पुर्नवास के लिए उन्हे नारी निकेतन भेजा जाएगा। महिला के पास स्थाई आवास सुविधा नहीं है। पिछले शुक्रवार को देर शाम कलियर और रुड़की के बीच एक महिला और उसकी छह साल की बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया था। पहले बाइक सवार ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। फिर कार में सवार चार लोग महिला और उसकी पुत्री को जबरन अपने साथ लेकर गए और सामूहिक दुष्कर्म किया। मामले के पांचों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने सिविल अस्पताल पहुंचकर मां और बच्ची से बातचीत की। महिला आयोग अध्यक्ष ने बताया कि जानकारी मिली है कि महिला के पास रहने के लिए स्थाई आवास की सुविधा नहीं है। आयोग अध्यक्ष ने सीएमएस डॉ. संजय कंसल से भी मुलाकात की। डॉ. कंसल ने बताया कि बच्ची पूरी तरह से ठीक है। महिला और उसकी बच्ची के पुर्नवास के लिए आयोग अध्यक्ष ने उन्हें नारी निकेतन भेजने की बात कही। बताया कि बच्ची के भविष्य, उसकी पढ़ाई-लिखाई जरूरी है। महिला नारी निकेतन जाने को राजी है। महिला आयोग अध्यक्ष ने जिलाधिकारी हरिद्वार को पत्र लिखकर महिला और बच्ची को नारी निकेतन भेजने के लिए कार्रवाई करने को कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *