व्यापारियों ने की जीएसटी में संशोधन करने की मांग 

ऋषिकेश

होटल एसोसिएशन ऋषिकेश ने जीएसटी से व्यापार में आ रही परेशानियों पर विचार विमर्श किया। जिसमें जीएसटी के मूल्य में संशोधन कर कम करने की मांग की गई। शुक्रवार को रेलवे मार्ग स्थित नीरज पैलेस में होटल एसोसिएशन ऋषिकेश की बैठक हुई। एसोसिएशन के अध्यक्ष मदन गोपाल नागपाल ने कहा कि जीएसटी व्यापारियों से लेकर आम आदमी के लिए जी का जंजाल बना हुआ है। सरकार खाने पीने से लेकर सभी वस्तुओं में जीएसटी लगा रही है, जिससे आम आदमी पर बोझ बढ़ता जा रहा है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल ने कहा कि एक तरफ तो व्यापार लगातार कम होता जा रहा है, वहीं दूसरी ओर सरकार व्यापारियों पर जीएसटी में संशोधन कर छोटे मझौले व्यापारियों को इस टैक्स की परिधि के जंजाल में फंसाकर कमर तोड़ना चाहती है। जिसका हम विरोध करते हैं। कहा कि वित्त मंत्री से मिलकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे। नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्रा ने कहा कि कोरोना वायरस की मार से अभी पर्यटन उद्योग उभर भी नहीं पाया है। ऐसे में होटल, लॉज, धर्मशाला आदि पर टैक्स में संशोधन कर एक हजार रुपये से कम किराए वाले कमरों को भी टैक्स की सीमा में लाना सरकार की नीयत ओर नीति पर प्रश्न चिह्न खड़ा करते हैं। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि एक प्रतिनिधिमंडल शीघ्र वित्त मंत्री से मिलकर अपनी समस्यायों से अवगत कराएगा। जीएसटी के मूल्य में संशोधन कराकर कम से कम कराने की मांग करेगा। बैठक में अंशुल अरोड़ा, श्याम लाल उप्पल, हरीश आनन्द, दिनेश कुमार, संजीव अग्रवाल, गजेन्द्र रतूड़ी, भगवती प्रसाद, कुशाग्र तनेजा, अमित दास, राजीव शर्मा, अमर बेलवाल, विकास शर्मा, पदम शर्मा, अमित उप्पल आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *