प्राथमिक विद्यालय सवाई में एक ही शिक्षक की तैनाती से अभिभावक चिंतित
विकासनगर
ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सवाई में एक ही शिक्षक तैनात होने से छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इससे अभिभावक भी चिंतित हैं। अभिभावकों ने शिक्षा विभाग से विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की तैनाती की मांग की है। मंगलवार को अभिभावकों ने इस आशय का ज्ञापन खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय में सौंपा। अभिभावकों ने बताया कि शिक्षा विभाग पहाड़ी क्षेत्रों के विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था की ओर ध्यान नहीं दे रहा है। खासकर प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पर्याप्त शिक्षकों की तैनाती नहीं की जा रही है। कई विद्यालय एक ही शिक्षक के सहारे संचालित हो रहे हैं। बताया कि प्राथमिक विद्यालय सवाई में भी एक ही शिक्षक तैनात है। तीस छात्र संख्या वाले इस विद्यालय में तैनात शिक्षक के लिए पांच कक्षाओं का संचालन करना मुश्किल हो रहा है। एक बार में एक ही कक्षा में शिक्षण हो पाता है। ऐसे में यहां अध्ययनरत छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। बताया कि कई बार शिक्षक को प्रशासनिक कार्यों के चलते ब्लॉक और जिला मुख्यालय जाना पड़ता है। ऐसे में विद्यालय में अवकाश घोषित करना शिक्षक की मजबूरी हो जाती है। विद्यालय में मौजूद रहने के दौरान भी एक शिक्षक के लिए शिक्षण और प्रशासनिक कार्यों को निपटाना मुश्किल होता है। अभिभावकों ने ग्रामीण छात्रों के भविष्य को देखते हुए प्रावि सवाई में पर्याप्त शिक्षक तैनात करने की मांग खंड शिक्षाधिकारी से की है। ज्ञापन सौंपने वालों में कमलेश भट्ट, विजेंद्र सिंह चौहान, सुरेश चौहान, अरविंद, महेंद्र सिंह, उदय सिंह आदि शामिल रहे।
