ईडी की हिरासत में संजय राउत, चिठठी लिखकर विरोधी नेताओं का माना आभार
मुंबई
पात्रा चॉल घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय की हिरासत में शिवसेना सांसद संजय राउत ने विपक्षी दलों के नेताओं को एक चिट्ठी लिखी है। चिट्ठी के द्वारा उन्होंने विपक्ष के नेताओं का आभार जताया है। चिट्ठी में उन्होंने लिखा है कि ऐसा कहा जाता है कि सबसे कठिन समय में आपको यह आभास होता है, कि आपका विश्वसनीय कौन हैं। जब केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से केंद्र सरकार मेरे खिलाफ राजनैतिक अभियान चलाने का काम कर रही है, उस समय आप लोगों ने मुझे भारी समर्थन दिया है। इसके लिए मैं आभारी हूं। उन्होंने कहा कि मेरी लड़ाई हमेशा जारी रहेगी। मैं किसी के दबाव में झुकने वाला नहीं हूं और ना ही लड़ाई को लेकर अपने संकल्प को तोडूंगा।
राउत ने लिखा है कि हिंदू हृदय सम्राट बाला साहब ठाकरे जी ने हमें सिखाया है कि रोओ नहीं, जो सही है उसके लिए लड़ो। इसके साथ ही राउत ने लिखा कि मैं इस मौके पर आपके शब्दों, आपके कार्यों और आपके विचारों के माध्यम से मुझे समर्थन देने के लिए धन्यवाद देता हूं। मेरे पार्टी के सहयोगियों के साथ-साथ संसद के अंदर और बाहर इस मुद्दे को उठाने के लिए दिखाई गई एकजुटता का भी धन्यवाद देता हूं।
राउत ने विशेष तौर पर कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के लिए धन्यवाद लिखा है क्योंकि इस पूरे विवाद में उन्होंने शिवसेना नेता का जमकर समर्थन किया है। बता दें कि मुंबई की एक विशेष अदालत ने संजय राउत के कथित धन शोधन के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच में उल्लेखनीय प्रगति की बात कहते हुए उनकी (राउत की) ईडी की हिरासत अवधि आठ अगस्त तक बढ़ा दी थी।
