14-15 अगस्त को एक लाख लोगों को लगेगी बूस्टर डोज

देहरादून। ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के उपलक्ष्य में आगामी 14 व 15 अगस्त को प्रदेशभर में दो दिवसीय विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जायेगा। जिसके अंतर्गत सूबे के एक लाख लोगों को बूस्टर डोज लगाई जायेगी। इसके लिये प्रदेशभर में एक हजार वैक्सीनेशन कैंप लगाये जायेंगे। टीकाकरण के इस विशेष अभियान को सफल बनाने के लिये स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जरूरी निर्देश दे दिये गये हैं। सूबे में अब तक कोरोना वैक्सीन की प्रथम डोज शतप्रतिशत लोगों को लगाई जा चुकी है जबकि दूसरी डोज 95 फीसदी लगाई गई है। इसके अलावा एक माह के भीतर 16 फीसदी लोगों को प्रीकॉशन डोज भी लगाई जा चुकी है जो कि राष्ट्रीय औसत से कहीं अधिक है। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ0 धन सिंह रावत ने मीडिया को जारी एक बयान में बताया कि उत्तराखंड में टीकाकरण अभियान सफलता के साथ आगे बढ़ रहा है। डॉ0 रावत ने बताया कि ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के उपलक्ष्य में आगामी 14 एवं 15 अगस्त को प्रदेशभर में दो दिवसीय विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जायेगा। जिसमें एक लाख लोगों को बूस्टर डोज लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिये सभी जनपदों के मुख्य चिकित्साधिकारियों को जरूरी निर्देश दे दिये गये हैं। दो दिवसीय वैक्सीनेशन अभियान के लिये राज्यभर में एक हजार वैक्सीनेशन कैंप लगाये जायेंगे, जहां पर लोग प्रीकॉशन डोज लगा सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *