बिहार में जो सीएम मैटेरियल भी नहीं रहे वे अब पीएम बनने का ख्वाब देख रहे चिराग पासवान
बेगूसराय
बिहार में जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) सुप्रीमो नीतीश कुमार के पाला बदलकर महागठबंधन का दामन थामने के बाद भाजपा समेत अन्य विपक्षी दल उनपर हमलावर हैं। लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता और जमुई से सांसद चिराग पासवान भी उनमें में से एक हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला करते हुए कहा कि बिहार में जो अब सीएम मैटेरियल भी नहीं रहे वे अब प्रधानमंत्री बनने का ख्वाब देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि उने पिता स्वर्गी रामविलास पासवान को लोग मौसम वैज्ञानिक कहा करते थे। जमुई से सांसद पासवान ने कहा कि उन्हें भी बिहार के भूत और भविष्य की जानकारी है। दो दिवसीय दौरे पर बेगूसराय पहुंचे चिराग पासवान सोमवार को पूरे रंग में दिखे।
अपने पिता को याद करते हुए उन्होंने कहा मैं उसी पिता का पुत्र हूं, जिन्हें लोग मौसम वैज्ञानिक कहा करते थे। हमें भी बिहार के भूत और भविष्य की जानकारी है। उन्होंने सीधे-सीधे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए कहा कि जो बिहार में अब सीएम मैटेरियल भी नहीं रहे, वह पीएम बनने का ख्वाब देख रहे हैं। उन्होंने नीतीश को एक डरपोक नेता करार देते हुए कहा कि अगर जेपी नड्डा ने क्षेत्रीय पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी में विलीन होने की बात कही थी तो सीएम नीतीश कुमार इतने डर गए कि उन्होंने अपने वर्षों के संबंध को अलविदा कहते हुए उस आदमी से हाथ मिला लिया जिसकी भर्त्सना करते हुए वह कभी थकते नहीं थे।
चिराग पासवान ने कहा क्षेत्रीय पार्टी आज देश के विभिन्न राज्यों की रीढ़ बनी हुई हैं। क्षेत्रीय पार्टी की वजह से ही राज्य में विकास संभव हो पाता है। उन्होंने कहा कि सीबीआई या ईडी की जांच से उन्हीं लोगों को डर लगता है, जिनकी घोटाले में संलिप्ता रही हो। जिन लोगों की संलिप्तता नहीं है, उन्हें डरने की कोई आवश्यकता नहीं है। चिराग पासवान ने अपने चाचा के साथ साथ जाने की बात को सिरे से खारिज कर दिया। साथ ही बिहार में मध्यावधि चुनाव की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिवेश में बिहार में मध्यावधि चुनाव लगभग तय है।
