तोता गायब हुआ तो रिपोर्ट लिखाने थाना पहुंचा परिवार, कहा मेरा बेटा खो गया
हावड़ा
पश्चिम बंगाल के हावड़ा के बेलूर थाने की पुलिस हाल ही में उस समय सकते में आ गई, जब एक परिवार अपने गायब बेटे की शिकायत लेकर थाने पहुंचा। पुलिस ने उनके बेटे की डिटेल पूछी तो उन्होंने जो बताया उसे सुनकर पुलिस का सिर चकरा गया। दरअसल, उनका रियो नाम का तोता चोरी चला गया था, उन्होंने बताया कि ‘रियो’ भले ही तोता है, लेकिन वह उनके बेटे की तरह है।
बेलूर में ही रहने वाले सरकार परिवार ने पुलिस से कहा कि ‘रियो’ उनके लिए कोई तोता नहीं है बल्कि उनका बेटा है इसलिए वह उसे ढूंढने के लिए पुलिस की मदद चाहते है। रियो अफ्रीकन ग्रे पैरेट है, जिसे ये परिवार अपने घर का सदस्य मानता है।
पुलिस परिवार की मदद के लिए आगे आई है और उसने दो सप्ताह की मेहनत के बाद अंततरू ‘रियो’ को ढूंढ निकाला। पुलिस ने उन दोनों चोरों को भी पकड़ लिया है, जिन्होंने ‘रियो’ को चुराया था। इन दो चोरों ने पुलिस को बताया कि रियो को चोरी करने के बाद उन्होंने इसे बरिदवान में बेच दिया था। जहां से पुलिस उसे वापस ले आई। थाने में पहुंचने के बाद रियो पुलिस वालों के साथ खेलता भी नजर आया।
रियो की मालकिन स्वपना सरकार ने बताया कि 1 साल 4 महीने का रियो उनका बेटा है और उनकी बेटी उसे भाई दूज के दिन टीका भी लगाती है। रियो के गायब होने के बाद पूरा परिवार दुखी था और उनहोंने खाना पीना तक भी छोड़ रखा था। रियो के वापस मिलने के बाद तपन सरकार ने पुलिस को धन्यवाद दिया।
