कोयलघाटी तिराहे से घाट चौक तक जाम से जल्द मिल सकेगी निजात

ऋषिकेश

हरिद्वार-ऋषिकेश हाईवे पर कोयलघाटी तिराहे से घाट चौक तक लगने वाले जाम से जल्द निजात मिल सकेगी। करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे हाईवे के इस हिस्से का कायाकल्प फोर लेन के रूप में होगा। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण डोईवाला खंड ने निर्माण से जुड़ी निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली है। 15 सितंबर तक फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। तीर्थनगरी ऋषिकेश में हरिद्वार-ऋषिकेश हाईवे पर कोयलघाटी तिराहे से घाट चौक तक सड़क तंग होने और अतिक्रमण के चलते बाहर से आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को अक्सर जाम से जूझना पड़ता है। खासकर स्नान पर्व और वीकेंड पर पर्यटकों की भीड़ उमड़ने से भारी दिक्कत होती है। अच्छी खबर यह है कि हाईवे के इस डेढ़ किलोमीटर हिस्से में अब जाम नहीं झेलना पड़ेगा। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण खंड डोईवाला ने कोयलघाटी तिराहे से घाट चौक तक फोर लेन सड़क निर्माण में बाधक सभी अड़चनों को दूर कर लिया है। हाईवे प्रशासन यहां अतिक्रमण को ध्वस्त कर चुका है। पीपल और बड़ के विशालकाय चार पेड़ों को भी शिफ्ट कर दिया है। हाईवे चौड़ीकरण के बाद सड़क के बीच खड़े करीब 78 विद्युत पोल और चार ट्रांसफार्मर को शिफ्ट करने का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। हाईवे प्रशासन के मुताबिक 15 सितंबर तक इस डेढ़ किलोमीटर फोर लेन सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
हरिद्वार-ऋषिकेश हाईवे पर कोयलघाटी तिराहे से चंद्रभागा पुल तिराहे तक फोर लेन सड़क बनना प्रस्तावित है। इसके लिए 7 करोड़ का बजट अवमुक्त हो चुका है। पहले चरण में कोयलघाटी तिराहे से घाट चौक तक फोर लेन सड़क निर्माण की सभी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। 15 सितंबर तक कार्य शुरू होगा। -शिव सिंह रावत, सहायक अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग खंड डोईवाला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *