गंगा के नाम पर भाजपा ने सिर्फ राजनीति की: खरोला
ऋषिकेश। कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने कहा कि भाजपा ने गंगा के नाम पर सिर्फ राजनीति की है। जबकि ऋषिकेश में ही कई जगहों पर गंगा में सीवर का गंदा पानी गिर रहा है। सोमवार को कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला के नेतृत्व में कांग्रेसी चंद्रेश्वरनगर पहुंचे। उन्होंने गंगा की सहायक नदी चंद्रभागा में मिल रहे सीवर के पानी का जायजा लिया। कहा कि चंद्रभागा नदी के जरिए गंगा में सीवर का पानी मिल रहा है। लेकिन भाजपा सरकार आंखें मूंदे बैठी है। इसको लेकर कई दफा आलाधिकारियों को भी अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। वर्ष 2014 में पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा गंगा की सफाई के लिए स्वच्छ गंगा परियोजना की शुरुआत की थी, लेकिन बावजूद इसके गंगा में प्रदूषित जल पहुंच रहा है। इस दौरान वाईके यादव, सोनू पाण्डेय, दीपक धमांदा, परमित सिंह, अंकुर आदि मौजूद रहे।
