सामाजिक कार्यों के लिए 2 लाख रुपये दिए
ऋषिकेश। वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन को सामाजिक गतिविधियों के लिए दो लाख रुपये का चेक मिला है। यह चेक संगठन को विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने विधायक निधि से दिया है। सोमवार को हरिद्वार मार्ग स्थित विस अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल के आवास पर कार्यक्रम हुआ। यहां विस अध्यक्ष ने वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन ऋषिकेश के पदाधिकारियों को दो लाख का चेक भेंट किया। उन्होंने कहा कि संगठन क्षेत्र में जरूरतमंद छात्राओं को छात्रवृत्ति देने सहित अन्य सामाजिक कार्य कर रहा है। यह राशि संगठन को उनकी सामाजिक गतिविधियों के लिए दी गई है। वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन के अध्यक्ष ब्रह्म कुमार शर्मा ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष द्वारा समय-समय पर वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन की सहायता की जाती है। यह सराहनीय है। मौके पर सगठन के महासचिव नरेश चंद भारद्वाज, हरीशानंद शर्मा, सत्येंद्र कुमार शर्मा, नरेश कुमार गर्ग आदि उपस्थित रहे।
