चीनी मिल और नपा कर्मचारियों की समस्याएं जानी
रुड़की
भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश मंत्री सुमित सिंघल ने लक्सर में नगरपालिका और चीनी मिल के कर्मचारियों की बैठक ली। बैठक में स्थायी और अस्थायी कर्मचारियों ने उन्हें अपनी समस्याएं बताई। प्रदेश मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से मिलकर समस्याएं हल कराने का भरोसा दिया। रविवार को नगरपालिका परिसर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष अंबरीश गर्ग व संचालन स्वायत्तशासी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अजय नारायण खाती ने किया। बैठक में पालिका के स्थाई और अस्थायी कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं को प्रदेश मंत्री के सामने रखा। प्रदेश मंत्री ने पालिका के स्वीकृत पदों पर संविदा कर्मियों से काम कराने के बजाय स्थायी कर्मचारी तैनात कराने का आश्वासन दिया। बाद में उन्होंने लक्सर चीनी मिल कर्मचारियों के साथ भी बैठक की। बैठक में कर्मचारियों ने शिकायत की कि फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा उनके वेज रिवाइज नहीं किए जा रहे हैं। इससे उनका आर्थिक नुकसान हो रहा है। मिल के अस्थायी कर्मचारियों ने श्रम कानून द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन से भी कम पैसा देने की शिकायत की। बैठक में मिल के तोल केंद्रों पर बिना लाइसेंस के तोल लिपिक से काम न कराने और कर्मचारियों से ओवर टाइम कराने पर नियमानुसार वेतन का दोगुना भुगतान दिलाने की मांग भी रखी। प्रदेश मंत्री ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों से मिलकर समस्या हल कराने का भरोसा दिया। बैठक की अध्यक्षता धीरज सिंह व संचालन नितिन कुमार ने किया।
बैठक में साधूराम, रविंद्र शर्मा, महकार सिंह, जितेंद्र कुमार, लोकेश कुमार, सुरेंद्र सिंह, धर्म सिंह, सुरेश चंद्र, जसवीर सिंह, रजनीश कुमार, सतपाल, राम सिंह, विनोद कुमार, जसवीर, श्याम सुंदर मणि, पवन गुप्ता, मोहित वर्मा, मेहंदी हसन और सुभाष चंद्र आदि मौजूद रहे।
