डेंगू पर नियंत्रण को आज से चलेगा अभियान
ऋषिकेश
तीर्थनगरी ऋषिकेश में मच्छर जनित रोग डेंगू के बढ़ते मामलों ने नगर निगम प्रशासन से लेकर स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। यही वजह है कि डेंगू पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संबंधित विभागों ने कमर कसी है। रविवार से हॉट स्पॉट क्षेत्रों में घर-घर दस्तक देकर परिवार के सदस्यों को डेंगू के प्रति जागरूक करने के साथ ही घरों में गमलों, कूलर आदि में जमे पानी में लार्वा मिलने पर उसे नष्ट करेंगे। शनिवार को नगर निगम ऋषिकेश स्वर्णजयंती सभागार में डेंगू की रोकथाम को लेकर बैठक आयोजित की गई। इसमें नगर निगम, एम्स ऋषिकेश और स्वास्थ्य विभाग तथा वरिष्ठ नागरिक उपस्थित हुए। बैठक में शहर में डेंगू के बढ़ते प्रकोप पर चर्चा की गई। एम्स के एसोसिएट प्रोफेसर और फैमिली फीजिशियन डा. संतोष कुमार ने बताया कि रविवार से हॉट स्पाट क्षेत्र सर्वहारानगर, चंद्रेश्वरनगर, मायाकुंड, वाल्मीकि बस्ती, नंदूफार्म, शांतिनगर, बीस बीघा, बापूग्राम में अभियान चलेगा। अभियान के लिए नगर निगम, एम्स और सरकारी अस्पताल की संयुक्त टीम गठित की गई है। टीम के सदस्य हॉट स्पॉट क्षेत्र में घर-घर दस्तक देकर लोगों को साफ सफाई से लेकर घरों में साफ पानी जमा नहीं होने देने के प्रति जागरूक करेंगे। साथ ही पहले से जमा पानी में डेंगू के लार्वा मिलने पर उसे नष्ट करेंगे। मौके पर नगर आयुक्त राहुल कुमार गोयल, डा. अमित प्रकाश, डा. कपिल सेानी, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक एसएस यादव, एएनएम रूचि सिल्सवाल, रमा भट्ट, प्रियंका लिंगवाल, रश्मि भट्ट, सफाई निरीक्षक सुभाष सेमवाल, अभिषेक मल्होत्रा, सुपरवाइजर नरेश कुमार, महेंद्र कुमार, सफाई नायक सुरेंद्र, राकेश, विनोद, आशा फेसिलेटर अमिता चौहान, कंचन बंसल, आशा वर्कर रोशनी रावत आदि मौजूद रहे।
