भारतीय किसान यूनियन टिकैत का डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन: अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग
देहरादून
उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी की निर्मम हत्या की सीबीआई से जांच किये जाने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। आज भारतीय किसान यूनियन टिकैत की प्रदेश प्रभारी ऊषा तोमर के नेतृत्व में कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय में इकटठा हुए और वहां पर उन्होंने प्रदर्शन किया। कहा कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी की निर्मम हत्या हुए लगभग 22 दिन हो चुके हैं, लेकिन अभी तक सरकार द्वारा कोई कदम नहीं उठाया गया है। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सरकार बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देती है लेकिन बेटियों की सुरक्षा को लेकर सरकार की विफलता नजर आ रही है। भारतीय किसान यूनियन टिकैत उत्तराखंड पूर्ण रूप से अंकिता भंडारी के परिवार के साथ खडे होकर सरकार में मांग कर रहे हैं उनकी मांगों को तत्काल हल किया जाये। वक्ताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी की निर्मम हत्या की सीबीआई जांच होनी चाहिए और हत्यारे पुलकित आर्य के पिता व भाई को जांच पूर्ण होने तक पुलिस कस्टडी में रखा जाये ताकि वह जांच को प्रभावित न कर सके। अंकिता भंडारी के परिवार को एक करोड़ रूपये की आर्थिक सहायता दी जाये। वक्ताओं ने कहा कि परिवार के एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी दी जाये जाये और बहन बेटियों की सुरक्षा को लेकर कडे़ कानून बनाये जाये। इस अवसर पर अनेकों कार्यकर्ता शामिल रहे।
