महिला का पूर्व कैबिनेट मंत्री के आश्रम में हंगामा
हरिद्वार
पति को अगवा करने का आरोप लगाते हुए तथा उसकी बरामदगी को लेकर महिला ने पूर्व कैबिनेट मंत्री के आश्रम वेद निकेतन पहुंचकर जमकर हंगामा करते हुए मिट्टी का तेल छिड़ कर आग लगाने का प्रयास किया। लेकिन आश्रम के लोगों ने महिला के मंसूबों को नाकाम करते हुए ज्वालापुर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के मुताबिक महिला ने बताया कि अपने पड़ौसी से झगड़े के मामले में उसका पति रोशनाबाद न्यायालय गया था, जहां से उसको अगवा कर लिया। बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद ही उसको पति भी खुद कोतवाली पहुंच गया। पुलिस ने महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा कोतवाली से ही जमानत पर छोड़ दिया। बताया जा रहा है कि महिला ने पडौसी रिश्तेदार के चल रहे विवाद के चलते पुलिस पर दबाव डालने की मंशा से नाटक किया था। कोतवाली ज्वालापुर प्रभारी निरीक्षक आरके सकलानी ने बताया कि सूचना मिली कि पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतिश्वरानंद के आश्रम वेद निकेतन में जमकर हंगामा करते हुए मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगाने का प्रयास किया। लेकिन आश्रम के लोगों ने महिला को पकड़ कर ज्वालापुर पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर कोतवाली लाया गया। पूछताछ के दौरान महिला ने अपना नाम ममता पत्नी बेगराज निवासी लालढांग श्यामपुर हरिद्वार बताया कि उसके पड़ौसी से चल रहे विवाद के चलते उसका पति रोशनाबाद न्यायालय गया था। जहां से उसके पति लापता हो गये। उसको अंदेशा है कि उसके पति को पड़ौसियों ने ही अगवा कराया है। यदि उसका पति नहीं मिला तो वह आत्मदाह कर लेगी। पुलिस ने महिला के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। लेकिन कुछ देर बाद ही उसका पति भी कोतवाली पहुंच गया और पूछताछ के बाद पुलिस ने महिला को कोतवाली से जमानत पर छोड़ दिया। श्यामपुर एसओ विनोद थपलियाल ने बताया कि महिला ममता के परिवार को पड़ौसी रिश्तेदारों से लम्बे समय से किसी ना किसी बात को लेकर झगड़ा होता रहता है। जिसके सम्बंध में दोनो ओर से शिकायत की जाती रही है। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ शांतिभंग की कार्यवाही की जा चुकी है। लेकिन उसके बावजूद भी दोनों पक्षों का विवाद निरंतर जारी है। जोकि आपसी विवाद को लेकर न्यायालय पहुंच चुके है। महिला ने पुलिस पर दबाव डालने की मंशा से ही पूर्व कैबिनेट मंत्री के आश्रम में हंगामा किया, जबकि महिला खुद अपने पति के साथ आश्रम पहुंची थी। पति आश्रम के बाहर था और पत्नी आश्रम में हंगामा कर रही थी।
