सड़क दुर्घटना में बाइक सवार की मौत

रुड़की

अज्ञात वाहन की चपेट में आकर दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर घायल है। जिसे पुलिस ने उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बुधवार को लक्सर कोतवाली क्षेत्र के गांव हुसैनपुर निवासी जसबीर 31 वर्ष और उसका साथी संदीप बाइक पर सवार होकर मंगलौर से होते हुए रुड़की किसी काम से जा रहे थे। फ्लाईओवर के निकट पहुंचने पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। जिसके चलते दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ ही देर में 31 वर्षीय जसवीर की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल संदीप को उपचार के लिए रुड़की के राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। एसएसआई दीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही परिवार के लोगों को भी सूचित कर दिया गया है। बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *