संविधान निर्माता डा. भीमराव अम्बेडकर की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित

देहरादून

प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय, राजीव भवन में संविधान निर्माता, भारत रत्न बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अम्बेडकर की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें अपने श्रद्धासुमन अर्पित किये। इससे पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने घण्टाघर अम्बेडकर पार्क स्थित बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अम्बेडकर समतामूलक समाज के परिचायक थे। उन्होंने संविधान निर्माण में प्रमुख भूमिका का निर्वहन करते हुए भारत निर्माण की मजबूत नींव रखी थी। उन्होंने अपने जीवन पर्यन्त समाज के कमजोर एवं उपेक्षित वर्ग केे जीवन स्तर को उठाने का सराहनीय कार्य किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने सदैव समाज में फैली कुरीतियों के विरूद्ध अपनी आवाज बुलंद की। उन्होंने कहा कि बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर एवं संविधान सभा ने हमारे देश को एक ऐसा गणराज्य घोषित किया जहां देश के लोग सर्वोच्च शक्ति रखते हैं। संविधान की प्रस्तावना का ‘‘हम’’ शब्द इंगित करता है कि इस देश के लोग सरकार को शक्ति देते हैं और यह अपना अधिकार लोगों की इच्छा से प्राप्त करता है। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व और न्याय की आकांक्षाओं को आवाज देता है। संविधान का उद्देश्य जाति, वर्ग, नस्ल, लिंग और धर्म के आधार पर भारत में मौजूद विशाल असमानताओं को दूर करना और सभी क्षेत्रों में सभी के लिए न्याय सुनिश्चित करना था। उन्होंने कहा कि बाबा साहब द्वारा बनाए गए संविधान में समानता का अधिकार, स्वतंत्रता का अधिकार, जीवन का अधिकार, शोषण के खिलाफ अधिकार, धर्म की स्वतंत्रता का अधिकार, सांस्कृतिक और शैक्षिक अधिकार, संवैधानिक उपचार का अधिकार संविधान में प्रदत्त किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने अपने अंतिम भाषण में चेतावनी दी थी कि यदि संविधान का अक्षरशः पालन नहीं किया गया तो भारत एक बार फिर से अपनी स्वतंत्रता खो देगा। इस अवसर पर श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन एवं प्रशासन मथुरादत्त जोशी, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकान्त धस्माना, प्रदेश महामंत्री संगठन विजय सारस्वत, प्रदेश प्रवक्ता व पछवादून कार्यकारी अध्यक्ष लक्ष्मी कपरवाण अग्रवाल, अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष दर्शन लाल, महानगर कार्यकारी अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी मीडिया पैनलिस्ट सुनीता प्रकाश आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *