दिल्ली में 19 को गर्जना रैली में शामिल होंगे जिले के किसान
रुद्रपुर। भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष कृष्ण कांधा तिवारी ने कहा कि 19 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में गर्जना रैली आयोजित होगी। इसमें ऊधमसिंह नगर जिले से एक हजार से अधिकार किसान शामिल होंगे। शनिवार को आवास विकास स्थित एक आवास पर पत्रकारों को जानकारी देते हुए संघ के जिलाध्यक्ष तिवारी ने कहा कि किसानों की समस्याएं आए दिन बढ़ती जा रही हैं। इस ओर न तो केंद्र और न ही राज्य सरकार ध्यान दे रही है। इससे किसानों में आक्रोश व्याप्त है। इस दौरान संघ के पदाधिकारियों ने सरकार से लागत के आधार पर किसानों को लाभकारी मूल्य दिए जाने, कृषि यंत्रों पर लगाई जाने वाली जीएसटी को तुरंत समाप्त करने, किसान सम्मान निधि को दोगुना करने, शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा पशुओं की व्यवस्था करने, बिजली व ट्यूबवेल का बिल कम करने की मांग की। इसके अलावा पराली जलाने पर आर्थिक व दंडात्मक कार्रवाई समाप्त करने और जीएम सरसों की बीज की अनुमति के निर्णय को तुरंत समाप्त करने की मांग की। इस दौरान संघ के प्रांत महामंत्री कुंवर पाल सिंह, संगठन मंत्री सुकर्णपाल राणा, मंत्री चन्द्रकला चौहान, उपाध्यक्ष सुधीर शाही, नवनीत मिश्रा, योगेश तिवारी, खंड अध्यक्ष सरदार जोगिंदर, विमलेश यादव आदि मौजूद रहे।
