डकैती की योजना बना रहे छह लोग चढ़े पुलिस के हत्थे
रुद्रपुर
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने डकैती की योजना बनाते छह शातिरों को दबोच लिया। आरोपियों से पुलिस को दो तमंचे, कारतूस, तीन चाकू और आला नकब बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेशी के बाद जेल भेज दिया है। मंगलवार को कोतवाली में सीओ सितारगंज ओमप्रकाश शर्मा ने मामले का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि सोमवार को मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह बृजवाल, शक्तिफार्म चौकी इंचार्ज जगदीश तिवारी, सिडकुल चौकी इंचार्ज चंदन सिंह बिष्ट ने टीम के साथ शक्तिफार्म प्राइमरी स्कूल के समीप खंडहर में घेराबंदी की। इस दौरान उन्होंने खंडहर में बैठकर डकैती की योजना बनाते बैकुंठपुर निवासी रवि खैराती, निर्मल नगर निवासी भगवत उर्फ भानुपत मंडल, सुरेंद्र नगर निवासी सत्यजीत, टैगोर नगर निवासी मनोज विश्वास, सुरेंद्र नगर निवासी सूरज सील और नकुलिया निवासी हसनैन को दबोच लिया। आरोपियों के पास से 315 और 12 बोर के दो तमंचे मय कारतूस, तीन चाकू और आला नकब बरामद हुए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विधि संगत धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज की। साथ ही उन्हें न्यायालय में पेशी के बाद जेल भेज दिया है।
हिस्ट्रीशीटर समेत दो इनामी दबोचे
सितारगंज। हिस्ट्रीशीटर सहित दो इनामी आरोपियों को सितारगंज और पुलभट्टा पुलिस की टीम ने गिरफ्तार किया। न्यायालय ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मंगलवार को सीओ सितारगंज ओमप्रकाश शर्मा ने कोतवाली में मामले का खुलासा किया। बताया कि 28 अगस्त 2021 को आवास विकास रुद्रपुर निवासी जितेंद्र कुमार पांडेय ने पुलिस को तहरीर सौंपी थी। जिसमें उन्होंने कहा था संद्धू ट्रांसपोर्ट के स्वामी खुशदीप सिंह से ट्रक संख्या यूपी 23टी 9002 भाड़े पर लेकर बालाजी एक्शन सितारगंज से अग्रवाल प्लाईवुड भटिंडा पंजाब के लिए प्लाईवुड लोड कराये थे। जिसकी कीमत 487733 रुपये थी। ट्रक चालक नाजिम निवासी ग्राम लालपुर कला थाना टांडा रामपुर और मोहम्मद आलम ग्राम रामपुर गाना थाना राजापुर जिला अमरोहा फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए दबिश भी दी। नाजिम मोहम्मद के खिलाफ गिरफ्तारी पर 15-15 हजार इनाम घोषित किया गया। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर एसआई चंदन सिंह बिष्ट एसआई जगदीश चंद्र तिवारी ने नया गांव स्थित नानक ढाबे से नाजिम को गिरफ्तार कर लिया। इधर, पुलभट्टा थानाध्यक्ष कमलेश भट्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 25 हजार के इनामी दस माह से फरार हिस्ट्रीशीटर बदमाश सिमरनदीप सिंह निवासी ग्राम अंजनिया फार्म को नैवडारी तिराहे से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पंतनगर और किच्छा थाने में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया है।
