दूध कारोबारी के घर हुई चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
देहरादून
आदर्श कॉलोनी रायपुर में दूध कारोबारी के घर में पड़ोसी दो लड़कों ने लाखों रुपये की चोरी को अंजाम दिया। चोरी में शामिल एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसका नाबालिग साथी फरार है। पुलिस ने चोरी हुए गहनों के साथ ही 1.54 लाख रुपये बरामद किए हैं। आरोपी नशे का आदी बताया जा रहा है। एसपी सिटी सरिता डोबाल ने बुधवार को अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर घटना के खुलासे की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पवन सिंह निवासी आदर्श कॉलोनी, रायपुर मामा के बीमार होने पर 25 दिसंबर को घर का ताला लगाकर नजीबाबाद जिला बिजनौर चले गए। 30 दिसंबर को वापस लौटे तो घर में चोरी हो गई थी। उन्होंने लिखित तहरीर दी तो रायपुर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया। एसपी सिटी ने बताया कि चोरी को इनके घर के पास रहने वाले युवक ने अपने नाबालिग साथी संग अंजाम दिया। राम संजय कुमार निवासी आदर्श कालोनी को गिरफ्तार कर पुलिस ने चोरी हुए शत प्रतिशत गहने और 1.54 लाख रुपये नगद बरामद किए हैं। बरामद गहनों की कीमत तीन लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
जंगल में छिपाए नगदी गहने: रायपुर थानाध्यक्ष कुंदन राम ने बताया कि चोरी के बाद दोनों ने घटनास्थल के पास जंगल में गहने छिपा दिए थे। नगदी में से केवल दो हजार रुपये खर्च किए। बताया कि जिस जगह चोरी हुई वह गली में आखिरी घर हैं। ऐसे में पुलिस का शक आसपास के संदिग्धों पर गया। चोरी को लेकर दोनों से पूछताछ की तो वह पिघल गए।
एसएसपी ने दिया 15 हजार का इनाम: चोरी की वारदात का खुलासा करने वाली टीम को एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने 15 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की। एसपी सिटी ने प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी। खुलासा करने वाली टीम में सीओ नेहरू कॉलोनी अनिल जोशी, एसओ कुंदन राम, एसएसआई आशीष रावत शामिल रहे।
