पर्यावरण के लिए हिमालय का संरक्षण जरूरी: नागलिया
देहरादून
हिमालय एकोस संस्था के संरक्षक एवं दून क्लब के अध्यक्ष दीपक नागलिया ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए हिमलाय का संरक्षण आवश्यक है। इसके लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है। बुधवार को संस्था की बैठक में उन्होंने कहा कि हिमालय उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि भारत का और विश्व की धरोहर है। यह क्षेत्र जीव-जंतुओं और वनों के आवास के साथ-साथ हमारी नदियों के भी स्रोत स्थल हैं। ग्लेशियरों का पिघलकर पीछे खिसकना बहुत बड़े खतरे का संकेत है। उन्होंने कहा कि हिमालय एकोस हिमालय की ऐसी प्रतिध्वनि है जो हिमालयी क्षेत्र की चिंताओं को बताने के साथ-साथ उनके समाधान की दिशा में भी कार्य करेगी। संस्था के अध्यक्ष वेदिकावेद ने कहा कि हिमालय आदिकाल से ही हमारी आस्था का और पर्यटन का केंद्र रहा है, इसका संरक्षण बहुत जरूरी है। इस मौके पर हीरा सिंह नेगी, हरितिका, शालिनी रावत, सोनाली, संदीप नेगी, दीपक कुमार आदि मौजूद रहे।
