नियुक्ति की मांग को लेकर बीपीएड एमपीएड प्रशिक्षितों का सचिवालय कूच
देहरादून
प्रदेश प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में व्यायाम शिक्षक एवं इंटर कॉलेजों में व्यायाम प्रवक्ता के पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर बीपीएड एमपीएड प्रशिक्षित बेरोजगार संगठन ने राजधानी में नारेबाजी के बीच रैली निकालकर सचिवालय कूच किया, लेकिन पुलिस ने बैरीकैडिंग लगाकर सभी को कनक चौक पर रोक लिया। आज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश पांडेय के नेतृत्व में बीपीएड एवं एमपीएड प्रशिक्षित बेरोजगार परेड ग्राउंड में इकटठा हुए। इस दौरान एक सभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष जगदीश पांडेय ने कहा है कि लगातार सरकार पर नियुक्ति की मांग को लेकर दबाव बनाया गया, वहीं कई बार आश्वासन मिले, लेकिन सालों व्यतीत होने के बाद भी आज तक नियुक्ति नहीं मिल पाई, जिससे उनमें रोष बना हुआ है। उन्होंने कहा कि कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुसार प्रदेश प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक एवं इंटर कालेजों में शारीरिक शिक्षा विषय को अनिवार्य विषय बनाकर प्रत्येक विद्यालय में शारीरिक शिक्षक व्यायाम की नियुक्ति अनिवार्य रूप से की जाये, लेकिन आज तक इस दिशा में कोई कार्यवाही सरकार की ओर से नहीं की गई। उन्होंने कहा कि जल्द ही उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को तेज किया जायेगा। इस अवसर पर अनेकों प्रशिक्षित शामिल रहे।
