आइसा का भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ प्रदर्शन
श्रीनगर गढ़वाल
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के बयान पर आइसा कार्यकर्ताओं ने गहरा आक्रोश जताया। विवि गेट पर विरोध स्वरूप कार्यकर्ताओं ने भट्ट के खिलाफ प्रदर्शन व नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इससे अच्छा वह जोशीमठ के प्रभावितों के पुनर्वास व विस्थापन और उनकी समस्याओं की ओर ध्यान देते तो अच्छा होता। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरी जोशीमठ की जनता से भट्ट अपने बयान के लिए माफी मांगें। पुतला दहन कार्यक्रम में गढ़वाल विवि छात्र संघ उपाध्यक्ष रोबिन, पूर्व अध्यक्ष अंकित उछोली व पूर्व छात्रा प्रतिनिधि शिवानी पांडेय ने कहा कि जोशीमठ में धंसाव से जनता परेशान है। जहां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भट्ट को जनता के घावों पर मरहम लगाना चाहिए था वहां वह उनके बेतुकी बयानबाजी कर उनके घावों को कुरेद रहे हैं। कहा आइसा श्रीनगर की एक टीम जोशीमठ गई वहां राहत शिविरों में जाकर उनकी समस्याओं को जाना। कहा जोशीमठ में चल रहे आंदोलन में माओवादी लोग होने का भट्ट का बयान बड़ा शर्मनाक है। कहा यह जनता के ऊपर लांछन लगाना है। इस मौके पर वीरेंद्र वर्मा, समरवीर रावत, रितिक नेगी, अतुल रावत, शेखर नेगी, उदित कुमार, अनमोल वर्मा, करन कुमार, सचिन पयाल, प्रियंका खत्री, गुंजन भट्ट, गौरव देवराड़ी आदि शामिल रहे।
