छात्रसंघ भंग नहीं करने पर कोर्ट जाने की चेतावनी

ऋषिकेश। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने डोईवाला महाविद्यालय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने छात्रसंघ चुनाव के बाद कई छात्र-छात्राओं के प्रवेश रद्द करने पर सवाल उठाए। उन्होंने इन छात्रों के मतों से चुने गए छात्रसंघ को भी भंग करने की मांग उठाई है। सोमवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने राजकीय महाविद्यालय डोईवाला में प्रभारी प्राचार्य डीसी नैनवाल को ज्ञापन सौंपा। छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर प्रत्याशी रहे प्रीक्षित कुमार ने कहा कि कुछ दिन पूर्व कॉलेज प्रशासन ने कई छात्रों का प्रवेश रद्द कर दिया। जबकि इन्हीं छात्रों ने हाल ही में हुए छात्रसंघ चुनाव में मत देकर छात्रसंघ पदाधिकारी चुने हैं। छात्रसंघ चुनाव के बाद उन छात्रों के प्रवेश को गलत बताकर उनके प्रवेश को रद कर दिया जाता है। जबकि उनके मत से गठित हुए छात्रसंघ को भंग नहीं किया जा रहा है। कहा कि अगर छात्रसंघ को भंग नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा और हाईकोर्ट की शरण ली जाएगी। ज्ञापन देने वालों में युवा कांग्रेस अध्यक्ष सावन राठौर, शुभम कंबोज, छात्र नेता संजू ठाकुर, प्रीक्षित कुमार, हिमांशु, मनीषा, मनप्रीत कौर, संध्या नेगी, अशद, पलक खत्री, रोहनदीप, शाहनवाज, रुद्र, दिव्य, भारती, सबाना, मयंक आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *