अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग की

रुड़की

जौरासी जबरदस्तपुर में सरकारी जमीन से हो रहे खनन को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक अधिकारियों को लिखित शिकायत करने के बाद भी अवैध खनन पर रोक नहीं लग पा रही है। जबरदस्तपुर जौरासी के ग्रामीणों का कहना है कि मुस्तहकम और सुंदारी के जंगल में सरकारी जमीन है। ग्रामीणों का आरोप है कि काफी समय से जेसीबी मशीन और डंपर से सरकारी जमीनों से रेत और मिट्टी का खनन किया जा रहा है। काफी समय से खनन जारी रहने से लोगों के खेतों के पास सत्तर फीट से ज्यादा गहरे गड्ढे बन गए है। जिसके चलते निजी जमीनों पर भूस्खलन होने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार एसडीएम और खनन अधिकारियों को इसकी लिखित शिकायत की जा चुकी है। आरोप है कि शिकायत करने पर खनन करने वाले लोग गाली गलौच कर जान से मारने की धमकी भी देते है। रविवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग की। उधर खनन अधिकारी प्रदीप कुमार का कहना है कि सुंदारी के जंगल में किए जा रहे खनन पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। पैमाइश के बाद खनन माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शन करने वालों में सलीम, इरफान, सुलेमान, उस्मान, मेहरबान, शान इलाही, आसिफ आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *