किसानों को दिया गन्ने की उन्नत खेती का प्रशिक्षण
रुड़की
गन्ना विभाग के अधिकारियों, गन्ना शोध संस्थान काशीपुर और कृषि विज्ञान केंद्र धनौरी के विशेषज्ञों ने मलकपुर गांव में किसानों को गन्ने की उन्नत खेती अपनाने का प्रशिक्षण दिया। गन्ना शोध संस्थान के वैज्ञानिक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि 0238 अगेती प्रजाति के गन्ने में रेड रॉट रोग का काफी प्रकोप है। इसलिए किसान इसकी जगह दूसरी उन्नत प्रजाति उगाएं। संस्थान के अनुदेशक राजेश कुमार ने गन्ने की बुआई का सही तरीका बताया। उन्होंने गन्ने के साथ सहफसली खेती करने की सलाह भी दी। कृषि विज्ञान केंद्र धनौरी के सह निदेशक डॉ. विनोद कुमार ने गन्ने में लगने वाले कीट और बीमारियों की पहचान के लक्षण तथा इसके उपचार की जानकारी दी। गन्ना परिषद के सीडीआई दिग्विजय सिंह, गन्ना विकास निरीक्षक समय सिंह, सहायक उद्यान अधिकारी प्रताप सिंह ने भी गन्ने की पैदावार बढ़ाने के उपाय बताए। शिविर में नरेश कुमार, मुन्नु चौधरी, हरपाल सिंह, राजकुमार, काला सिंह, दीपक, सुरेश चौधरी, विरेंद्र सिंह, पंकज, रवि कुमार ने प्रशिक्षण लिया।
