चारा लेने के बहाने खेत में बुलाकर दुष्कर्म का प्रयास, मुकदमा

हरिद्वार

दलित महिला को चारा लेने के बहाने खेत में बुलाकर दुष्कर्म करने के प्रयास तथा विरोध करने पर दराती से जानलेवा हमला करने का मामला प्रकाश में आया है। बताया जा रहा है कि मामले दबाने के लिए पीड़िता व परिवार पर पंचायत कर दबाव बनाने का प्रयास किया गया। मामला भीम आर्मी व आजाद समाज पार्टी के संज्ञान में आने पर उन्होंने पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना 20 मार्च की बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पथरी थाना क्षेत्र के गांव में एक दलित विधवा चारा लेने के लिए खेतों में गयी थी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान गांव के एक व्यक्ति सुलेंद्र चौधरी ने महिला को अपने खेत से चारा काटने के लिए बुला लिया। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने महिला से दुष्कर्म करने का प्रयास किया। लेकिन महिला के पुरजोर विरोध करने पर आरोपी ने दराती से वार कर घायल कर फरार हो गया। महिला के शोर मचाने पर लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायल को उसके घर पर छोड़ दिया। बताया जा रहा है कि मामले को लेकर गांव में पंचायत की गयी। आरोप है कि गांव के कुछ लोग आरोपी के पक्ष में उतर आये और उन्होंने पीड़िता और उसके परिवार पर आरोपी के खिलाफ कार्यवाही ना करने का दबाव बनाया गया। जिसकी जानकारी भीम आर्मी व आजाद समाज पार्टी पदाधिकारियों को लगते ही वह सक्रिय हो गये। बताया जा रहा है कि भीम आर्मी व आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारी पीड़िता के घर पहुंचकर घटना की जानकारी लेते हुए पीडिता को लेकर थाने पहुंचे। थाने में पीड़िता की ओर से आरोपी के खिलाफ तहरीर दिलाकर आरोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पथरी थाना प्रभारी पवन डिमरी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *