सिमोग से डुमेट पहुंची तीन देव पालकियां, उमड़ा आस्था का सैलाब
विकासनगर। कालसी ब्लॉक की सीमा से लगे बाड़वाला, डुमेट गांव रविवार को शिलगुर, बिजट और चूड़ेश्वर महाराज के जयघोष से गूंज उठा। सिमोग गांव स्थित मंदिर से तीनों देवताओं की डोलियां एक दिन के प्रवास पर डुमेट पहुंची। लोगों ने देव डोलियों का दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं ने देव डोलियों फूलों और चावलों की बारिश की। डुमेट निवासी विजय सिंह चौहान के निमंत्रण पर देव पालकी एक दिन के प्रवास पर उनके आवास पहुंची। सुबह 11 बजे देव पालकी ने सिमोग स्थित मंदिर से डुमेट के लिए प्रस्थान किया। मंदिर से प्रस्थान करने के बाद देव पालकी कोटा, डिमऊ होते हुए खादर पहुंची, जहां पहले से मौजूद सैकड़ों श्रद्धालुओं ने देव पालकी पर पुष्प वर्षा की। खादर से हरिपुर-भूड़, हरिपुर बाजार होते हुए देव पालकी बाड़वाला पहुंची। जैसे-जैसे पालकी अपने गंतव्य की ओर बढ़ती गई, श्रद्धालुओं का सैलाब भी उमड़ता गया। देव पालकी साथ शामिल श्रद्धालु तीनों देवताओं के जयकारे लगाते रहे। दोपहर बाद तीन बजे देव पालिकाएं डुमेट पहुंचीं, जहां विजय सिंह चौहान और उनके परिजनों ने विधि-विधान पूर्वक पूजा-अर्चना कर देव पालकी को गृह प्रवेश कराया।
रात भर की गई आराधना
रात भर पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ देव आराधना की गई। सोमवार सुबह देव पालकी मूल मंदिर सिमोग के लिए प्रस्थान करेगी। देव पालकी के साथ देवता के बजीर कुंवर सिंह, भंडारी पूरण सिंह, देव माली भीम सिंह, मंदराम, बाड़वाला के प्रधान अरुण खत्री, हरि बहादुर थापा, मातवर सिंह तोमर, नारायण सिंह, ज्ञान सिंह, बलवीर चौहान आदि पदयात्री शामिल रहे।
इस दौरान बजीर रण सिंह, भंडारी खजान सिंह, देव माली किसन सिंह, चतर सिंह, मुन्ना सिंह, कलम सिंह, दीपा सिंह आदि मौजूद रहे।
