चोरी के माल के साथ आरोपी गिरफ्तार,  युवक ने एक रात में खंगाले थे पांच घर

रुड़की। एक रात में पांच घरों को खंगालने में शहर के युवक का हाथ था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किए है। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के ब्रहमपुर निवासी रिजवान के घर से शनिवार देर रात तीन फोन, सोने का लॉकेट, मोहिन निवासी कान्हापुर के घर से चार हजार रुपये, फरमान निवासी कान्हापुर के घर से एक फोन, मिंटू निवासी शंकरपुरी के घर से एक फोन और सोनू निवासी ब्रहमपुर के घर से दो फोन और चार हजार रुपये चोरी हो गए थे। एक साथ पांच घरों में चोरी होने से गांव में हड़कंप मच गया था। ग्रामीणों ने अपने स्तर से भी चोर की तलाश की थी। लेकिन चोर के बारे में कुछ पता नहीं चल पाया था। सूचना मिलने पर पुलिस ने पीड़ितों के घर जाकर जांच पड़ताल की थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। जांच में पुलिस ने घटनास्थल व आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला था। सीसीटीवी कैमरों से पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे थे। सूचना मिली कि घरों को खंगालने वाला कलियर रोड पर रहने वाला है। वरिष्ठ उप निरीक्षक नरेश कुमार गंगवार ने बताया कि विकास पुत्र मोती लाल निवासी गांव सालियर कोतवाली गंगनहर को चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। सोने का लॉकेट, आठ फोन और 2030 रुपये बरामद किए है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक करम सिंह चौहान और कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह तोमर शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *