खनन पट्टे के नाम पर लाखों ठगे
रुड़क
। खनिज भंडारण के पट्टे को मासिक किराये पर देने का वादा करके दो लोगों ने गोवर्धनपुर निवासी ग्रामीण से तीन लाख नकद व दो लाख का चेक ले लिया। महीनों बाद भी पट्टा न चलने पर ग्रामीण ने पैसे वापस मांगे तो उससे मारपीट की गई। पुलिस दो लोगों के खिलाफ मुकदर्ज दर्ज कर जांच कर रही है। गोवर्धनपुर में प्रमोद के बेटे केहर सिंह उर्फ अखिल ने खानपुर थाने में शिकायत की कि राजपुर रोड, देहरादून निवासी संजीव कक्कड़ पुत्र जोगेंद्र सिंह से उनका परिचय था। लक्सर के भोगपुर क्षेत्र में संजीव के नाम खनिज भंडारण का पट्टा है। संजीव ने पट्टा किसी को मासिक किराए पर देने की बात अखिल से कही। उनके बीच 1.30 लाख रुपये प्रतिमाह किराए पर 11 महीने के लिए पट्टा चलाने की बात तय हुई। बाद में संजीव ने विनय कुमार पुत्र जगपाल निवासी टपरी थाना सदर, सहारनपुर के साथ लक्सर आए और अखिल से पट्टे का लिखित एग्रीमेंट किया।
एग्रीमेंट के मुताबिक अखिल ने तीन लाख नकद और दो लाख का चेक उन्हें दिया। तय हुआ कि वे डीएम हरिद्वार कार्यालय में रायल्टी जमा कराएंगे और ऑनलाइन पोर्टल खुलवाकर संचालन के लिए पट्टा अखिल को सौंपेंगे। लेकिन महीनों बाद भी उन्होंने न रायल्टी जमा की, न ही पोर्टल खुलवाया। अखिल ने पैसा व चेक वापस मांगा, तो उन्होंने उसके घर आकर हिसाब करने की बात कही। आरोप है कि 12 मई में संजीव व विनय चार, पांच अज्ञात लोगों के साथ गोवर्धनपुर पहुंचे और अखिल के घर में घुसकर मारपीट की। शोरगुल होने पर ग्रामीण आए, तो वे भाग गए।
एसओ खानपुर रविंद्र कुमार ने बताया कि केहर सिंह की तहरीर पर संजीव व विनय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
