विज्ञापनों से अपनी पीठ थपथपाने वाली भाजपा सरकार महंगाई पर लगाम लगाने में फेल: बिट्टू कर्नाटक
अल्मोड़ा। पूर्व दर्जामंत्री बिट्टू कर्नाटक ने प्रेस को जारी एक बयान में कहा कि भाजपा की केन्द्र और राज्य में सत्ता में आसीन सरकार महंगाई पर अंकुश लगाने में पूरी तरह फेल साबित हुई है। जिसका खामियाजा मध्यमवर्गीय एवं गरीब जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि दैनिक उपभोग की प्रत्येक वस्तु दाल, चावल, आटा, खाने का तेल, सब्जी, दवाईयां, पेट्रोल, डीजल की कीमत आज अपने उच्चतम स्तर पर है। आम जनता के लिए अपने परिवार का भरण पोषण करना तक मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई का अन्दाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत वर्तमान में एक हजार एक सौ चालीस रूपये से भी अधिक है। टमाटर दो सौ रूपये किलो बिक रहा है। कोई भी दाल आज सौ रूपये किलो से कम नहीं है। ऐसे में कैसे मध्यमवर्गीय और गरीब वर्ग अपने परिवार की गुजर बसर करेगा ये सोचनीय विषय है और सत्ता में बैठी हुई सरकारों के लिए शर्म का विषय है। अच्छे दिनों का सपना दिखाकर सत्ता में आई भाजपा सरकार में लोगों की थाली से सब्जी और दाल गायब हो गये हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल विज्ञापनों की सरकार है और अपने ही विज्ञापनों से अपनी पीठ थपथपाने वाली यह भाजपा सरकार की पोल अब जनता के सामने खुल चुकी है जिसका एहसास जनता भाजपा को आगामी लोकसभा चुनाव में सत्ता से बेदखल करके देगी।
