चिन्मय डिग्री कॉलेज में जल्द लगेगा रोजगार मेला

हरिद्वार। हरिद्वार के बेरोजगारों के लिए रोजगार मेले का आयोजन होगा, हालांकि अभी तारिख तय नहीं हुई है, लेकिन 20 से 23 सितंबर के बीच रोजगार मेले लगेगा। 500 पदों से अधिक पर भर्तियां होंगी। बुधवार को जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने उद्योगपतियों के अलावा सेवायोजन विभाग के साथ बैठक कर मेले की रूपरेखा तैयार की। जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल की ओर से बैठक में पूछे जाने पर जिला सेवायोजन अधिकारी उत्तम कुमार ने बताया कि आगामी 20 से 23 सितम्बर, 2023 के बीच हरिद्वार में वृहद रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है। जिसके संबंध में औद्योगिक संगठनों और अन्य विभागों से वार्ता हो चुकी है। उसी अनुसार रोजगार मेले की तिथि निर्धारित की गई है। मेले को शिवालिक नगर के पास चिन्मय डिग्री कॉलेज में आयोजित करने पर विचार किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने युवक और युवतियां के रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही पूर्व के रोजगार मेलों में रही कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। कहा कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से विचार करते हुए मेले के लिए व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। बैठक में विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपने अनुभवों को साझा किया। इस दौरान एसएसपी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी(वित्त एवं राजस्व) दीपेन्द्र सिंह नेगी, महाप्रबन्धक उद्योग पल्लवी गुप्ता, डीएसओ मुकेश कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. योगेश शर्मा, इंडस्ट्री एसोसिएशन से हरेन्द्र गर्ग, महेन्द्र आहुजा, हिमेश कपूर, मनोज मिश्रा सहित उद्योग तथा रोजगार से जुड़े हुए सम्बन्धित पदाधिकारी एवं अधिकारीगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *