डीईओ ने जांची चकराता कैंट की व्यवस्थाएं
विकासनगर। रक्षा संपदा अधिकारी (डीईओ) कैंट ने बुधवार को चकराता कैंट का दौरा कर यहां की साफ-सफाई व अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने चकराता कैंट में सफाई व्यवस्था संतोष जताते हुए कहा कि निर्माणाधीन पर्यावरण पार्क बनने के बाद कूड़ा निस्तारण में अभूतपूर्व सुधार आएगा। बुधवार को डीईओ कैंट देहरादून विवेक सिंह ने चकराता पहुंचकर चल रहे स्वच्छता पखवाड़े का जायजा लिया। उन्होंने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था पर संतोष जताते हुए कहा कि बोर्ड द्वारा सफाई व्यवस्था के लिए समुचित प्रबंध किया गया है जो सराहनीय है। स्वच्छता पखवाड़े के बाद भी लोगों को ऐसे ही साफ सफाई की ओर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने क्षेत्र की जनता से बोर्ड का सहयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि चकराता एक खूबसूरत जगह है। इसे सुंदर बनाकर रखना हम सब का दायित्व है। इसके बाद उन्होंने छावनी बाजार सहित निर्माणाधीन पर्यावरण पार्क और कैंट के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कैंट क्षेत्र में चल रही विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान मुख्य अधिशासी अधिकारी कैंट बोर्ड आरएन मंडल, कार्यालय अधीक्षक संदीप जोशी, राजस्व अधीक्षक शेखर धीमान, प्रभारी रेंजर सुधांशू साध, जेई दीपक आदि मौजूद रहे।
