बिजली कर्मियों ने किया सांकेतिक धरना-प्रदर्शन कर दी हड़ताल की चेतावनी
रुड़की
उत्तराखंड विद्युत अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के सदस्यों ने मंगलवार को अधीक्षण अभियंता के कार्यालय के बाहर सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने ग्राम सिकंदरपुर में ऊर्जा निगम की टीम के साथ मारपीट करने वाले ग्रामीणों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। ऐसा न होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी भी दी। इसके बाद अधीक्षण अभियंता अमित शर्मा को ज्ञापन भी दिया गया। संयुक्त संघर्ष मोर्चा के संयोजक दीपक शांडिल्य के नेतृत्व में आयोजित धरना प्रदर्शन में शामिल वक्ताओं ने कहा कि ग्राम सिकंदरपुर, मुंडलाना में पिछले दिनों बिजली चोरी के खिलाफ कार्रवाई करने गए ऊर्जा निगम के सचल दस्ते के सदस्यों पर ग्रामीणों ने हमला किया। वह सरकारी कार्य में बाधा की श्रेणी में आता है। अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए खतरा भी है। वक्ताओं ने कहा कि इस बारे में मंगलौर पुलिस को उसी दिन तहरीर दे दी गई थी लेकिन, आज तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस घटना के बाद सभी कर्मचारी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
