फैक्ट्रियों के दो गोदामों में लगी भीषण आग, भारी नुकसान
रुड़की
(आरएनएस)। रायपुर औद्योगिक क्षेत्र में दो फैक्ट्रियों के दो गोदामों में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग बुझाने के लिए रुड़की, हरिद्वार और सहारनपुर से कुल 13 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलानी पड़ी। आग बुझाने का काम मंगलवार की सुबह तक जारी रहा। रायपुर औद्योगिक क्षेत्र में एक ही परिसर में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तथा सौंदर्य प्रसाधन बनाने वाली दो फैक्ट्रियों के गोदाम हैं। सोमवार देररात एक गोदाम से अचानक धुआं उठाने लगा। धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने इसकी सूचना फैक्ट्री स्वामी को दी। फैक्ट्री स्वामी की सूचना पर लकेसरी दमकल केंद्र से फायर टेंडर लेकर मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। आग इतनी तेज थी कि थोड़ी देर में ही उसने दूसरे गोदाम को भी अपनी चपेट में ले लिया। भगवानपुर के साथ ही रुड़की, हरिद्वार और सहारनपुर से भी दमकल गाड़ियां बुलानी पड़ा। कुल 13 गाड़ियों ने आग पर काबू पाने के लिए कई घंटे तक मशक्कत की। आग बुझने तक दोनों गोदामों में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया।
