क्या बीजेपी ने शामिल होने जा रहे हैं कमलनाथ

मध्य प्रदेश भाजपा प्रमुख वीडी शर्मा के इस दावे के एक दिन बाद कि पार्टी के फैसलों से कांग्रेस नेता नाराज हैं। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ ने सोशल मीडिया पर अपने बायो से कांग्रेस हटा दिया है। नकुलनाथ के इस कदम से उनके और पिता कमलनाथ के भाजपा में शामिल होने की अफवाहों को हवा मिल गई है, जो पिछले कुछ दिनों से चल रही हैं। इसी को लेकर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह से सवाल पूछा गया। दिग्विजय सिंह ने कहा कि कल रात मेरी कमल नाथ जी से बातचीत हुई। वह छिंदवाड़ा में हैं।

दिग्विजय सिंह ने आगे कहा कि ये वो शख्स हैं जिन्होंने अपना राजनीतिक करियर नेहरू-गांधी परिवार से शुरू किया था। आप उस शख्स से ये उम्मीद नहीं कर सकते कि वो सोनिया गांधी और इंदिरा गांधी के परिवार को छोड़ देगा। वीडी शर्मा से जब कमलनाथ के बीजेपी में शामिल होने की अटकलों के बारे में पूछा गया था तो उन्होंने कहा था कि कांग्रेस ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के निमंत्रण को खारिज कर दिया है। कांग्रेस में ऐसे लोग हैं जो इससे परेशान हैं। कांग्रेस भगवान राम का अपमान करती है और कांग्रेस में ऐसे लोग हैं जो इससे दुखी हैं और हमें लगता है कि उन्हें मौका मिलना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि अगर आप जिनका नाम ले रहे हैं (कमलनाथ) को भी पीड़ा है तो उसका भी स्वागत है।

मध्य प्रदेश में कांग्रेस को एक बड़ा झटका देते हुए, इस सप्ताह की शुरुआत में कई नेताओं ने पाला बदल लिया। पूर्व विधायक दिनेश अहिरवार और विदिशा से कांग्रेस जिला अध्यक्ष राकेश कटारे 12 फरवरी को भाजपा में शामिल हो गए। इस महीने की शुरुआत में मध्य प्रदेश से एकमात्र लोकसभा कांग्रेस सांसद नकुल नाथ ने खुद को छिंदवाड़ा लोकसभा सीट से कांग्रेस का उम्मीदवार घोषित किया था। पार्टी की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। नकुल नाथ ने एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार भी, मैं लोकसभा चुनाव में आपका उम्मीदवार बनूंगा। ऐसी अफवाहें चल रही हैं कि कमल नाथ या नकुल नाथ चुनाव लड़ेंगे, मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि कमल नाथ चुनाव नहीं लड़ेंगे, मैं लड़ूंगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *