कोटद्वार में एक-दूसरे को गुलाल लगाकर खेली होली

कोटद्वार नगर व भाबर क्षेत्र में होली की धूम आरंभ हो गई है। विभिन्न संगठनों की ओर से गुरूवार को होली मिलन कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसमें एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली खेली गई। विद्यालयों में भी बच्चों ने जमकर होली खेली। इस अवसर पर हेमनदास सरस्वती शिशु मंदिर जानकीनगर में आयोजित होली महोत्सव का आरंभ प्रधानाचार्य प्रदीप नौटियाल ने किया। बच्चों ने होली से संबंधी गीत, कहानी, कविताएं, होली मनाने के कारण और होली से संबंधित नृत्य नाटिका और प्रेरक प्रसंग सुनाए। वहीं शिक्षकों ने बच्चों को प्रोजेक्टर के माध्यम से होलिका दहन के बारे में जानकारी दी। गढ़वाल पूर्व सैनिक लीग की ओर से लीग सभागार में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में सभी पदाधिकारियों, कर्मचारियों और सदस्यों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। वहीं भाबर क्षेत्र के अंतर्गत निजी बीएड कॉलेज मालिनी वैली कॉलेज ऑफ एजुकेशन मोटाढाक में आयोजित होली मिलन समारोह में कॉलेज की संगीत प्राध्यापिका नूतन कुकरेती के मार्गदर्शन में छात्र-छात्राओं ने होली गीत एवं नृत्य की प्रस्तुतियां दीं।
शिवराजपुर, मोटाढाक की कीर्तन मंडली और मंसार लोक कला सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष राकेंद्र सिंह रौथाण एवं उनकी टीम ने समारोह में भव्य प्रस्तुतियों से समां बांधा। आशुकला समिति की ओर से बलभद्रपुर में आयोजित होली मिलन समारोह में लोक गायिका सुमित्रा रावत ने गढ़वाली गीतों की प्रस्तुतियां दी। लोकगायक योगेंद्र गड़ोई ने हरि फूलों से मथुरा छाई रहे…, लोक गायक अनिल बगछट ने हर हर पीपल पात जय जय देवी… गीतों की प्रस्तुतियां दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *