पछुवादून संयुक्त समिति ने किया  शीशमबाड़ा प्लांट के बाहर प्रदर्शन 

विकासनगर

शीशमबाड़ा स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में आग लगने के बाद निकल रहे धुएं और दुर्गंध को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। पछुवादून संयुक्त समिति के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने बुधवार को प्लांट के गेट पर धरना प्रदर्शन कर शासन प्रशासन और कंपनी के खिलाफ नारेबाजी की। स्थानीय लोगों ने कूड़े के वाहनों को प्लांट में घुसने का विरोध कर बैरंग लौटा दिया। वहीं, समिति ने प्लांट का प्रबंधन कर रही कंपनी के प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए सेलाकुई पुलिस को तहरीर दी है। पछुवादून संयुक्त समिति के अध्यक्ष चैतन्य अनिल गौड़ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने शीशमबाड़ा प्लांट पहुंचकर प्लांट के गेट पर धरना प्रदर्शन कर प्लांट प्रबंधन और शासन प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। समिति के कार्यकर्ताओं और विरोध कर रहे लोगों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि जब से प्लांट लगा है तब से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। कभी लोग पछुवादून की आबोहवा के कायल होते थे। लेकिन प्लांट के कारण बाहर से लोगों का आना तो दूर स्थानीय लोग ही पलायन को मजबूर हो रहे हैं। समिति ने कहा कि प्लांट को शुरू करने से पहले कोर्ट ने जो दिशा निर्देश दिए थे उनका कोई पालन नहीं किया गया है। प्लांट से कूड़ा निस्तारण न होने के कारण कूड़ा डंपिंग सेंटर बन गया है। कहा कि प्लांट के आसपास आसन नदी है। आसन नदी का पानी दूषित हो गया है। आसन वेटलैंड क्षेत्र में सर्दियों में विदेश परिंदे आते हैं। साथ ही गर्मियों में स्वदेशी परिंदे झील में आते हैं। लेकिन पक्षियों के जीवन के लिए भी दूषित पानी से खतरा हो गया है। आसन नदी के पानी में कीड़े होने से पानी पीने लायक नहीं रहा है। वायु प्रदूषण फैल रहा है। खतरनाक जहरीली हवा प्लांट से फैल रही है। कहा कि प्लांट मानकों के अनुरूप बनाया ही नहीं गया है। कूड़े का निस्तारण न होने प्लांट में कूडे के पहाड़ बन गये हैं। जिसमें आग लगने के कारण लोगों का जीना दूभर हो गया है। लोग हवा में सांस नहीं ले पा रहे हैं। सांस लेने के दौरान घुटन पैदा हो रही है। समिति ने उक्त तथ्यों के साथ ही सेलाकुई पुलिस को तहरीर देकर प्लांट के प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।प्रदर्शनकारियों में शूरवीर सिंह चौहान, अनिरूद्ध बेंजवाल, द्वारिका सेमवाल, अजीत सिंह, विजय पंवार, शराफत, हुसैन खान, इंतजार, विनोद अग्रवाल, राजगंगसारी, आर सिंह आदि दर्जनो लोग शामिल रहे। एसओ सेलाकुई मनमोहन सिंह नेगी ने कहा कि प्लांट में आग लगने को लेकर मुकदमा पहले ही दर्ज हो चुका है। उक्त तहरीर को भी मुकदमे में शामिल किया जायेगा। जांच के दौरान यदि कोई अधिकारी अथवा कोई भी अन्य लोग आग लगाने में शामिल पाया जाता है तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *