भाजपा सरकार ने 5 साल में किए अभूतपूर्व विकास कार्य: मुन्ना चौहान

विकासनगर।

भाजपा ने अपने चुनाव अभियान को धार देने के लिए बुधवार को मुख्य बाजार में चुनाव कार्यालय खोला। विधायक मुन्ना चौहान ने कार्यालय पूजा अर्चना करने के बाद कहा कि कार्यालय से चुनाव अभियान की गति को तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा एक अनुशासित पार्टी है, सभी कार्यकर्ता चुनाव प्रचार में लगे हुए हैं। ऐसे में अब नए चुनाव कार्यालय से ही रणनीति तय की जाएगी। भाजपा सरकार ने पांच साल में पूरे प्रदेश में अभूतपूर्व विकास कार्य किए हैं। इन विकास कार्यों को लेकर ही सरकार जनता के बीच जा रही है। कहा कि विकासनगर विधान सभा के विकास कार्यों को जनता देख रही है। जनता जानती है कि राज्य गठन के बाद इन पांच साल में विकासनगर विधान सभा ने अभूतपूर्व विकास देखा है। कांग्रेसी मित्र इन विकास कार्यों को देखकर बौखला गए हैं। कहा कि इन दिनों कांग्रेस गांवों में जाकर जनता से संवाद कर रही है, लेकिन संवाद के दौरान जनता कांग्रेसी मित्रों से उनकी उपलब्धियां पूछ रही हैं। जिसके बाद उन्हें बगले झांकने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। सच्चाई यह है कि कांग्रेस ने अपने दो साल के कार्यकाल में जनता को सिर्फ ठगा है। कहा कि दो बार के कार्यकाल में पूर्व मंत्री कभी भी बाजार में व्यापारियों से मिलने नहीं आए। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि उन्होंने विधानसभा के गांवों का रुख कब किया होगा। कहा कि भाजपा समाज के हर वर्ग को साथ लेकर विकास करने में विश्वास करती है। जबकि कांग्रेसी मित्र कुछ खास लोगों को ही अपने इर्द गिर्द देखना चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *