त्यूणी क्षेत्र में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान

विकासनगर

सीमांत तहसील त्यूणी के शिलगांव समेत क्षेत्र में करीब चार माह के सूखे के बाद शुक्रवार रात हुई ओलावृष्टि ने फल और सब्जी उत्पादकों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। इससे सेब, आड़ू, नाशपाती, पुलम की फसल को भारी नुकसान हुआ है। प्रभावित बागवानों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। शुक्रवार की रात को क्षेत्र में तेज आंधी, तूफान के साथ ओलावृष्टि हुई। करीब आधे घंटे तक ओलावृष्टि होती रही। ओलावृष्टि का सबसे अधिक प्रभाव सेब की बागवानी पर पड़ा है। सेब के तैयार होते फल टूटकर गिर गए हैं। जो फल पेड़ों पर रह गए हैं, उन फलों पर ओलावृष्टि के दाग पड़ गए हैं। सेब के पेड़ों के पत्ते भी टूटकर गिर गए हैं। स्थानीय बागवान सुनील रावत, कपिल रावत, रणवीर रावत, महावीर ठाकुर, विरेंद्र शर्मा, यशपाल चौहान, केशव सिंह ने बताया कि पहले सूखे की मार से फसलें प्रभावित हुई। इस बार सेब और अन्य फसलों की अच्छी पैदावार की उम्मीद थी, लेकिन ओलावृष्टि और आंधी तूफाने उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। प्रभावित बागवानों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *