आईआईटी रुड़की अनुसंधानों में करेगा सहयोग

रुड़की

आईआईटी रुड़की के 175 साल के समारोह के शुभारंभ पर संस्थान निदेशक प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी ने उत्तराखंड के उच्च शिक्षा संस्थानों और रुड़की से 200 किमी के दायरे में मौजूद पड़ोसी राज्यों के संस्थानों से मिलकर अनुसंधान, नवाचार और विकास में ज्ञान, सृजन और सहयोग के लिए मुलाकात की। कार्यक्रम आईआईटी ने सीनेट हॉल में हुआ। इसमें पार्टनरिंग संस्थानों के प्रमुख प्रो. अरुण कुमार, अध्यक्ष 175 वर्ष समारोह समिति, प्रो. संजीव मन्हास, उपनिदेशक प्रो. मनोरंजन परिदा, प्रो. विवेक मलिक उपस्थित रहे। इसके अलावा कार्यक्रम में चेयरमैन एआईसीटीई और चेयरमैन बीओजी तथा आईआईटी रुड़की की ऑनलाइन उपस्थिति रही। इस दौरान ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी देहरादून के कुलपति प्रो. एचएन नागराज ने इस साझेदारी का स्वागत किया। उन्होंने इसका उद्देश्य जीवन को बदलने वाली खोजें, ज्ञान का अधिग्रहण और परिवर्तनकारी अनुभव बताया। स्वामी राम हिमालयन यूनिवर्सिटी के प्रो. विजय धस्माना ने भी समझौता ज्ञापन में दर्ज विषय और बहु-विषयक सहयोग की सराहना की। नोएडा इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के निदेशक प्रो विनोद एम कापसे ने कहा कि इस साझेदारी से छात्रों को लाभ मिलेगा। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान उत्तराखंड के निदेशक प्रो. एलके अवस्थी निदेशक ने कहा कि भावी पीढ़ियों की चुनौतियों और मांगों पर अनुसंधान के लिए तकनीकी पेशेवरों की शिक्षा, प्रशिक्षण के लिए एक उत्साहजनक वातावरण बना है। कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग रुड़की के निदेशक प्रो. बृज मोहन सिंह ने कहा कि शिक्षा और अनुसंधान में यह रणनीतिक अंतर संस्थान साझेदारी उपयोगी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *