विस्फोट से किसान के जख्मी होने का मामले का खुलासा
बड़वानी
जिले के पलसूद थाना क्षेत्र में कथित तौर पर फल से विस्फोट होने के चलते घायल हुए युवक के मामले की जांच में पता चला है कि दरअसल यह छोटे जानवरों के शिकार के लिए रखे गए बम थे। पलसूद के थाना प्रभारी राम वर्मा ने बताया कि शनिवार शाम फुलज्वारी ग्राम का किसान शांतिलाल भायला ग्राम उमेदड़ा के समीप लकड़ी काटने गया था। इस दौरान एक छोटे फल नुमा वसतु के संपर्क में आने के बाद विस्फोट होने से वह घायल हो गया था। मौके से तीन छोटे फल के आकार की वस्तु जब्त तक कर थाने लाई गई थी। रविवार को वन विभाग के दल ने भी मौके से एक फल नुमा वस्तु जब्त कर पुलिस को सौंपी। उन्होंने बताया कि एक फल को पानी में डाला गया तो प्याज के छिलके का आकार निकला और उसके अंदर सुतली बम जैसी संरचना का विसफोटक पाया गया। उन्होंने बताया कि वह फल नहीं है, बल्कि छोटे जानवरों का आखेट करने के लिए जंगल में बिखेरे गए मानव निर्मित बम हैं। घायल किसान के बताने पर पुलिस बल ने एक फल को सडक़ पर पटक कर देखा था, जिसमें विस्फोट हुआ था। इसके बाद खरगोन से बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया है, जो रिपोर्ट पेश करेगा।
