लाभार्थी महिलाओं को बांटी महालक्ष्मी किट
विकासनगर
बाल विकास परियोजना की ओर से बुधवार को ब्लॉक मुख्यालय सभागार में लाभार्थी महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट और किशोरियों को सेनेटरी पैड वितरित किए गए। जबकि छह माह के शिशुओं को अन्नप्राशन कराया गया। इसके साथ ही प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर रहे ब्लॉक प्रमुख मठोर सिंह ने नवजात बेटियों की माताओं को किट प्रदान कर बेटियों के बेहतर पालन पोषण और शिक्षित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षित करने से तीन पीढ़ी शिक्षित होती है। उच्च शिक्षित बेटियां ही भविष्य में संस्कारवान परिवार की नींव रखती हैं। उन्होंने बताया कि लिंगानुपात में सुधार लाने के लिए राज्य सरकार की ओर से यह पहल की गई है। कहा कि बेटियां सृष्टि की निर्माता होती हैं। उनका आदर करना उन्हें अधिकार दिलाना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। इस दौरान कनिष्ठ उप प्रमुख रितेश असवाल, सीडीपीओ अंजू बडोला, सुपरवाइजर बिंदु मौर्या, सीमा, बीना, शारदा, अल्पना, फूल देवी आदि मौजूद रहे।
