बांग्लादेश में कंटेनर डिपो में आग लगने से 40 लोगों की मौत, 450 से अधिक लोग घायल

ढाका,

दक्षिण-पूर्वी बांग्लादेश में एक निजी कंटेनर डिपो में शनिवार रात विस्फोट के कारण लगी भीषण आग में कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई और 450 से अधिक लोग घायल हो गए। सरकारी चटगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल (सीएमसीएच) में तैनात एक पुलिस अधिकारी ने संवाददाताओं से कहा, अब तक 35 शव यहां शवगृह में पहुंचाए जा चुके हैं।
सूत्रों ने बताया कि चटगांव के सीताकुंड उपजिला में कदमरासुल क्षेत्र स्थित बीएम कंटेनर डिपो में शनिवार रात आग लग गई। इसने कहा कि डिपो में लगी आग और उसके बाद हुए विस्फोटों में कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई तथा पुलिस एवं दमकल कर्मियों समेत सैकड़ों लोग झुलस गए। स्वास्थ्य एवं सेवा विभाग के प्रमुख इस्ताकुल इस्लाम ने कहा, ‘इस घटना में 450 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कम से कम 350 लोग सीएमसीएच (चटगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल) में भर्ती हैं। इस्लाम ने मृतक संख्या के बढऩे की आशंका जताई। दमकल सेवा सूत्रों के अनुसार, इस दौरान दमकल विभाग के भी तीन कर्मियों की मौत हो गई।
अधिकारियों ने इस घटना की जांच के लिए एक उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन किया है और उसे आगामी तीन दिन में रिपोर्ट पेश करने को कहा गया है। माना जा रहा है कि कंटेनर डिपो में रसायनों के कारण आग लगी। उन्होंने बताया कि रात करीब पौने 12 बजे एक बड़ा विस्फोट हुआ और एक कंटेनर में रसायन होने के कारण आग एक कंटेनर से दूसरे कंटेनर में फैल गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *