हापुड़ फैक्ट्री में मजदूरों की दर्दनाक मौत पर भाकपा ने व्यक्त की गहरी संवेदना

मृतक परिवारों को 50 लाख की आर्थिक सहायता देने की मांग

लखनऊ

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी उत्तर प्रदेश के राज्य सचिव मंडल ने जनपद हापुड़ के धौलाना स्थित फैक्ट्री में हुये हादसे में अब तक हुई 13 मजदूरों की दर्दनाक मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त की। घायलों के प्रति गहरी सहानुभूति जताते हुये उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की तथा आशा जतायी कि लापता मजदूर जल्द अपने परिवारों को वापस मिल जायेंगे। घायलों के संपूर्ण और समुचित इलाज की मांग करते हुये प्रत्येक मृतक परिवार को 50 लाख की आर्थिक सहायता व घायलों को इलाज और आजीविका खर्च अलग से दिये जाने की मांग सरकार से रखी। भाकपा ने घटना की उच्च स्तरीय जांच कराये जाने और उत्तर प्रदेश के उद्योगों में मजदूर वर्ग के शोषण उनके उत्पीडऩ और उनकी असुरक्षा जैसे सवालों पर न्यायिक आयोग बैठाये जाने की मांग किया है। भाकपा राज्य सचिव मंडल ने कहा कि उत्तर प्रदेश का कथित विकास का माडल मजदूर वर्ग की यातनाओं, शोषण और उनकी जान की नींव पर खड़ा है। श्रम कानूनों को चार लेबर कोड्स में बदले जाने के बाद से तो मजदूरों की हालत कीड़े मकोड़ों जैसी हो गयी है। उन्हें बेहद कम वेतन, ठेके या दैनिक मजदूरी पर हर तरह से असुरक्षित और अमानवीय वातावरण में काम करना होता है। बिजली के खंभों में करंट आ जाने, बिना सुरक्षा उपकरणों के सीवर लाइनों में काम करने, सडक़ों और पुलों के जोखिम भरे कामों में बिना सुरक्षा इंतजामों के लगाने और भाजपा की इंस्पेक्टर राज समाप्त करने की सनक के चलते हर रोज मजदूर जान से हाथ धो रहे हैं। सरकार की अनदेखी उनके परिवारों को असुरक्षित भविष्य की अन्धी गली में धकेल रही है। वैसे भी बुलडोजरवाद और पुलिसराज के तहत कशमशा रहे उत्तर प्रदेश का हर दिन बेहद पीड़ादायक होता है। ताजा मामला एक और संज्ञान में आय जिसमें मथुरा जनपद के गाँव नवादा में भाजपा नेता की फैक्ट्री में चौकीदार को चारपाई से बांध ट्रेक्टर       चढ़ाकर उसकी न्रशंस हत्या कर दी गयी। इसी जनपद के विद्यापति नगर थाने के मऊ बाजार में गरीबी और आर्थिक तंगी से आजिज आकर मनोज झा ने बूढ़ी माँ और परिवार के 5 सदस्यों सहित आत्महत्या कर ली। बदायूं में थर्ड डिग्री देकर पुलिसकर्मियों ने एक युवक को मरणासन्न हालत में पहुंचा दिया तो जनपद जौनपुर में होमगार्ड को पीट-पीट कर मार डाला गया। कहीं ट्यूशन टीचर के पति ने छात्रा से मुंह काला किया तो कहीं बलात्कार पीडि़ता ने न्याय न मिलने पर फांसी पर लटका लिया। हत्या लूट अपहरण और बलात्कार तो यहां रामराज्य के आभूषण बन चुके हैं। भाकपा ने अपनी मेरठ मंडल की इकाइयों को जरूरी कदम उठाने और इस संबंध में 8 जून को पूरे मंडल में ज्ञापन दिये जाने के निर्देश दिये हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *