व्यास नहरी में गहराया पेयजल संकट
विकासनगर
ब्लॉक क्षेत्र के अंतर्गत व्यास नहरी पंचायत की इंद्रा कॉलोनी में इन दिनों पेयजल संकट गहराया गया है। जल संस्थान पेयजल लाइन की मरम्मत करने और नई पेयजल लाइन बिछाने के बजाय दिन में एक बार टैंकर से पेयजल आपूर्ति कर इतिश्री कर रहा है। इससे ग्रामीणों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। ग्रामीणों की मांग है कि पेयजल लाइन की मरम्मत कर गांव तक पर्याप्त पानी पहुंचाने की व्यवस्था की जाए। स्थानीय निवासी अनिल कुमार, नवीन कुमार, मोहन सिंह, मुकेश, गुड्डू शर्मा, सागर, मीनष शर्मा आदि ने बताया गांव तक पीने का पानी मुहैया कराने के लिए एक दशक पूर्व पेयजल लाइन बिछाई गई थी, पौने इंच की इस पेयजल लाइन से गांव में पर्याप्त पानी नहीं पहुंचता है। पिछले एक साल से पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त पड़ी हुई है, जिसके चलते पानी लोगों के घरों में आने के बजाय रास्ते में रिस जाता है। जल संस्थान से कई बार पेयजल लाइन की मरम्मत की मांग की गई, लेकिन हर बार बजट की कमी का हवाला देकर पाइप लाइन की मरम्मत नहीं की गई। अब गर्मी बढ़ने के साथ ही गांव में पानी पहुंचना भी बंद हो गया। इसके चलते करीब 500 की आबादी के सामने पीने के पानी का संकट पैदा हो गया है। जल संस्थान एक दिन में सिर्फ एक बार ही टैंकर से गांव में पानी की आपूर्ति करा रहा है। टैंकर से सभी परिवार पानी नहीं भर पाते हैं। हर दिन करीब दस से अधिक परिवारों को पीने के पानी के लिए यमुना किनारे जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की जल्द मरम्मत कराने और गांव में दिन में तीन बार टैंकर से पानी की आपूर्ति करने की मांग की है।
लाइन क्षतिग्रस्त नहीं है, बल्कि पेयजल स्रोत में पानी की कमी हो गई है, जिससे गांव तक पानी नहीं पहुंच रहा है। गांव में टैंकर से पर्याप्त पानी पहुंचाया जाएगा।
